कांग्रेस दफ्तर में मनाई गई डा. राधाकृष्णन की जयंती, प्रणब मुखर्जी को दी गयी श्रद्धांजली

0
1
congress office

पटना। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के उद्यान में देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभिनी श्रद्धाँजलि प्रदेश के कांग्रेसजनों ने दी और साथ में पूर्व राष्ट्रपति डा. राधाकृष्णन की 132वीं जयन्ती शिक्षक दिवस के रूप में मनाया ।

इस अवसर पर सर्वप्रथम प्रणब मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल सांसद ने कहा कि प्रणब मुखर्जी ने देश के वित्त, विदेश एवं अन्य प्रमुख विभाग के मंत्री के रूप में बड़ी सेवा की। वे आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ थे। देश के राष्ट्रपति के रूप में भी उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी। वे देश के लोकप्रिय नेता थे और विरोधी दलों के नेता ने भी कभी उनकी कार्यसंस्कृति पर प्रश्नचिह्न खड़ा नहीं किया। हमें गर्व है कि प्रणब मुखर्जी हमारे कांग्रेस परिवार के धरोहर थे।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने कहा कि प्रणब मुखर्जी देश की सभ्यता, संस्कृति एवं इसके धर्मनिरपेक्ष चरित्र के प्रतीक थे। आज ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पूर्व राष्ट्रपति डा0 राधाकृष्णन की 132वीं जयन्ती शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर डा. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल सांसद ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही शिक्षक का समाज में बड़ा स्थान रहा है। शिक्षक राष्ट्र के निर्माता हैं तथा उनका सम्मान हमेशा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक विडम्बना है कि आज बिहार में शिक्षक अपनी उचित सेवाशर्त्तो की माँग के लिए काला बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने कहा कि वे खुद एक शिक्षक हैं और आज माध्यमिक एवं कॉलेज शिक्षकों को जो भी सुविधाएँ मिल रही हैं वे कांग्रेस सरकार की ही देन है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ते रहेगी।

इसके साथ ही कांग्रेस के डिजीटल मेम्बरशीप में तेजी लाने हेतु ‘कांग्रेस डिजीटल सदस्यता अभियान रथ’ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल, सांसद एवं बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने संयुक्त रूप से प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय सदाकत आश्रम से झण्डा दिखा कर रवाना किया। अभियान रथ का संचालन बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अनुसूचित जाति विभाग के सौजन्य से हुआ है। इस अवसर पर बिहार कांग्रेस के अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार विधायक ने कहा कि यह अभियान रथ आज औरंगाबाद से अपना अभियान प्रारम्भ करेगी और आगे पूरे सूबे में भी कांग्रेस के डिजीटल सदस्यता अभियान को चलायेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here