लंदन में मनोज तिवारी इंक्रेडिबल इंडिया स्टार आफ मिलेनियम अवार्ड से सम्‍मानित

यशी फिल्म्स के अभय सिन्हा और ढिशुम टीवी द्वारा लंदन के इंडिगो 2 आयोजित भोजपुरी अंतरराष्ट्रीय फिल्म अवार्ड समारोह (आईबीफा ) में भारतीय पर्यटन विभाग द्वारा भोजपुरी फिल्मों के मेगास्टार और दिल्ली के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा सांसद मनोज तिवारी को इंक्रेडिबल  इंडिया स्टार आफ मिलेनियम अवार्ड दिया गया। भोजपुरी अंतरराष्ट्रीय फिल्म अवार्ड समारोह(आईबीफा) ने जहां एक ओर भोजपुरी की आवाज को गांव जवार से निकाल कर सात समन्दर पार परदेस में लाकर चर्चित कर दिया, वहीं दूसरी ओर भोजपुरी की दुनिया को विस्तार देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म दिया। हालांकि विदेशी धरती पर यह तीसरा अंतर्राष्ट्रीय भोजपुरी फिल्म अवार्ड (आईबीफा) समारोह है। इससे पहले मॉरिशस और दुबई में भी यह आयोजित किया जा चुका है, लेकिन इंग्लैंड की राजधानी लंदन में रविवार को हुए इस समारोह की चर्चा भोजपुरी के दिग्गज कलाकारों की उपस्थिति से और भी चर्चित हो गयी है।

इस अवसर पर रवि किशन को आईबीफा क्रिटीक्स अवॉर्ड से नवाजा गया, जबकि बेस्ट फिल्म: आशिक आवारा, बेस्ट एक्टर: पवन सिंह,बेस्ट एक्ट्रेस मधु शर्मा, बेस्ट डेब्यु (फीमेल) शिविका दिवान, बेस्ट डायरेक्टर: असलम शेख,बेस्ट एक्टर( निगेटिव रोल) अवधेश मिश्रा,बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर: मनोज टाईगर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस शुभी शर्मा, बेस्ट सेशनल डांसिंग अवार्ड सीमा सिंह, बेस्ट एक्टर इन कॉमिक रोल: सुर्या द्विवेदी,बेस्ट सिंगर(मेल) पवन सिंह,बेस्ट सिंगर( फीमेल)  प्रियंका सिंह,बेस्ट म्युजिक डायरेक्टर: मधुकर आनंद,बेस्ट लिरिक्स राईटर: प्यारेलाल यादव,बेस्ट जोड़ी: दिनेश लाल यादव निरुहुआ और आम्रपाली, बेस्ट कोरियोग्राफर- कानू मुखर्जी, बेस्ट कैमरामैन – बासू , बेस्ट फाईट डायरेक्टर अंजली पठान, बेस्ट एडिटर प्रीतम नायक, आईबीफा परर्सालिटी अवॉर्ड मधुदुवेन्द्र राय,आइटम क्वीन अवार्ड सम्भावना सेठ को दिया गया।

इस अवसर पर सीबीआई के पूर्व निदेशक रंजीत सिंहा और लंदन के भारतीय उच्चायुक्त यश सिन्हा ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगाया। भोजपुरी अंतरराष्ट्रीय फिल्म अवार्ड समारोह(आईबीफा) में  हिन्दी और भोजपुरी सिनेमा के कलाकारों में शत्रुध्न सिन्हा, गोविन्दा, मनोज तिवारी, रविकिशन, दिनेश लाल यादव निरहुआ, मालिनी अवस्थी, पवन सिंह, समीर अफताब और नायिकाओं में मधु शर्मा, दिव्या देशाई, पाखी हेगड़े, आम्रपाली दुबे, संभावना सेठ, अक्षरा सिंह, शिविका दीवान, अंजना सिंह और आइटम क्वीन सीमा सिंह आदि ने अपने नाच-गाने और अभिनय से यूके वासियों का दिल जीत लिया। समूचे भारत सहित दुनिया भर में बोली जाने वाली दुनिया की सबसे मीठी भाषा भोजपुरी और फिल्में अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचानी जाने लगी हैं।

लंदन में पहली बार  इंटरनेशनल भोजपुरी फिल्म अवार्ड समारोह (आईबीएफए) अपने आप में ऐतिहासिक और धमाकेदार रहा। ढिशुम आईबीफा (भोजपुरी फिल्म अवार्ड समारोह) में एक से बढ़कर एक भोजपुरी सितारों ने लंदन में अपने जलवा से सबको मोहित कर दिया। बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने सम्बोधन में भोजपुरी समाज के लिए महत्वपूर्ण संदेश में ‘भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की और आशा व्यक्त की  कि सरकार जल्द ही  भोजपुरी को आठवीं अनुसूचि में शामिल कर देगी । मुंबई भाजपा के  महामंत्री अमरजीत मिश्रा  भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित थे।आईबीफा 2018 मलेशिया में आयोजित करने की घोषणा की गयी। ढिशुम आईबीफा का रंगारंग अवॉर्ड फंक्शन को दर्शक 27 अगस्त को ढिशुम टीवी चैनल पर लुप्त उठा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here