
विधायक रविन्द्र सिंह नेगी और मुख्यमंत्री उत्तराखंड के मीडिया सलाहकार मदन मोहन सती ने उत्तराखंड सदन में कुमाऊँनी होली गीत संग्रह पुस्तक का विमोचन किया
राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली, उत्तराखंड सदन में स्वर्गीय किशन सिंह भैंसोड़ा (पूर्व सैनिक एवं पूर्व प्रधान, ग्राम चमतोला, जिला अल्मोड़ा) की पुण्यतिथि के अवसर पर होली संगोष्ठी एवं कुमाऊँनी होली गीत संग्रह पुस्तक का भव्य विमोचन गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पटपड़गंज दिल्ली रविन्द्र सिंह नेगी, उत्तराखंड प्रवासी राज्य मंत्री पूरन चंद्र नैनवाल, उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट तथा मुख्यमंत्री उत्तराखंड के मीडिया सलाहकार एवं वरिष्ठ पत्रकार मदन मोहन सती सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए पुस्तक का विधिवत विमोचन किया गया।
मुख्य अतिथि रविन्द्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से युवा पीढ़ी को उत्तराखंड की खड़ी होली से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति कहीं भी रहे, अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखना चाहिए तथा समय-समय पर अपने पर्व-त्योहार मनाते रहना चाहिए। उन्होंने कुमाऊँ की होली की विशिष्ट परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक माह पूर्व से प्रारंभ होकर एकादशी से गांव-गांव में खड़ी होली के रूप में मनाई जाती है।
मदन मोहन सती ने होली के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कुमाऊँनी होली के गीतों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की झलक मिलती है। पुस्तक को स्वर्गीय किशन सिंह भैंसोड़ा को समर्पित देख वे भावुक हो उठे और अपने पिता के साथ खड़ी होली में जाने की स्मृतियों को साझा किया।




