
दिल्ली में नई गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’ का पोस्टर एवं टेलर धूमधाम से लॉन्च हुआ, 27 नवंबर से दिल्ली एन सी आर के पांच बड़े सिनेमाघरों में होगी रिलीज यह फिल्म
राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली। कल ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित नई चर्चित गढ़वाली फिल्म ‘सुपन्यू’ का पोस्टर एवं टेलर दक्षिणी दिल्ली स्थित वसंत कुंज के सिल्वन शेफ फार्म हाउस में आयोजित एक भव्य समारोह में लॉन्च किया गया। उत्तराखंड की संस्कृति, समाज और संवेदनाओं को दर्शाती इस फिल्म के पोस्टर एवं टेलर को उपस्थित दर्शकों एवं फिल्म प्रेमियों ने और अतिथियों ने खूब सराहा। फिल्म के निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल और सह-निर्मात्री श्रीमती पुष्पा ढोंढियाल हैं। इस फिल्म में उत्तराखंड फिल्म जगत के लोकप्रिय अभिनेता अजय सिंह बिष्ट अभिनय करने के साथ-साथ इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता भी है।
फिल्म का निर्देशन सुप्रसिद्ध निर्देशक देवू रावत ने किया है, जबकि राजेंद्र नेगी सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। फिल्म का शानदार छायांकन मनोज सती ने किया है, जिन्होंने उत्तराखंड की खूबसूरती और कहानी की भावनाओं को कैमरे में प्रभावशाली ढंग से कैद किया है।
निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल ने बताया कि फिल्म को उत्कृष्ट बनाने के लिए हमारी पूरी टीम ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया है।

‘सुपन्यू’ फिल्म के पोस्टर एवं टेलर लॉन्च पर उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अनेक कलाकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के वरिष्ठ न्यायाधीश प्रेम बर्थवाल, अतिथि भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती और अन्य अतिथियो ने फिल्म का पोस्टर एवं टेलर लॉन्च और विशेष झलक भी प्रदर्शित की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा दर्शकों से फिल्म को समर्थन देने की अपील की।
फिल्म में उत्तराखंड के कई अनुभवी और चर्चित कलाकारों ने अभिनय किया है। प्रमुख कलाकारों में अजय सिंह बिष्ट, राजेश जोशी, अनुज खंडारी सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं। फिल्म की पूरी टीम को विश्वास है कि ‘सुपन्यू’ न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी, बल्कि एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी देगी।
इस मौके पर आने वाली गढ़वाली फिल्म कंडारी के निर्माता एयर वाइस मार्शल (सेवानिवृत्त) राजेश भंडारी, असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस पदमेंद्र रावत सहित अनेक हस्तिया मौजूद थी। हाल के वर्षों में उत्तराखंडी फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्रेम और समर्थन मिला है। इसी उत्साह के साथ ‘सुपन्यू’ की टीम को उम्मीद है कि यह फिल्म भी दर्शकों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाएगी। यह फिल्म इसी महीने 27 नवंबर से दिल्ली एन सी आर के पांच बड़े सिनेमाघरों में यह चर्चित गढवाली फीचर फिल्म सुपन्यू प्रदर्शित की जाएगी





