
फतेहपुर फोरम के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ गौरवशाली व्यक्तित्व अलंकरण समारोह
फतेहपुर। उत्तर वाहिनी गंगा तट भिटौरा में रविवार को फतेहपुर फोरम के तत्वावधान में जनपद के गौरवशाली व्यक्तित्व अलंकरण समारोह 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ फोरम के संरक्षक स्वामी विज्ञानानन्द जी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
अपने संबोधन में स्वामी विज्ञानानंद ने बताया कि यह अलंकरण समारोह का 18वां वर्ष है। उन्होंने कहा कि फतेहपुर फोरम ने अब तक जिले के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक विकासात्मक कार्य किए हैं। इस वर्ष भी फोरम जल संरक्षण, कृषि उन्नयन, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में ठोस योजनाओं पर कार्य करेगा।
फोरम के सचिव एवं जिलाधिकारी, शाहदरा (नई दिल्ली) शैलेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि जिले को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है, क्योंकि फतेहपुर का ऐतिहासिक, धार्मिक एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा गौरवशाली अतीत इसे विशिष्ट बनाता है।
इसरो के वैज्ञानिक सुमित कुमार ने बताया कि वे गगनयान, चंद्रयान और मंगलयान अभियानों का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फतेहपुर में नक्षत्र गृह स्थापित कर आकाशीय पिंडों के अध्ययन हेतु दूरबीन की व्यवस्था की जाएगी।
आईएफएस अधिकारी पीयूष कुमार उमराव, सचिव औद्योगिक विकास उत्तर प्रदेश, ने कहा कि फतेहपुर में कृषि आधारित उद्योगों की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संजय तिवारी ने किसानों के हित में कार्य करने और बेरोजगार बीटेक, एमटेक, बीए विद्यार्थियों की प्लेसमेंट हेतु काउंसलिंग की व्यवस्था करने की घोषणा की।
विधायक उषा मौर्य (हुसैनगंज) ने जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वहीं कर्नल विभव मानसिंह ने जिले के इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को कोचिंग भ्रमण पर ले जाकर छात्रों को वाटर वेल्डिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने की बात कही।
इसी क्रम में प्रमोद चंद मिश्रा फाउंडेशन के निदेशक जयंत मिश्रा, जो कि प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर इनकम टैक्स, बिहार एवं झारखंड हैं, की ओर से उनके पिताजी की स्मृति में हाईस्कूल जिला टॉपर एवं राजकीय इंटर कॉलेज फतेहपुर के टॉपर छात्र को ₹10,000 नकद पुरस्कार, मेडल और शील्ड प्रदान की गई। यह सम्मान माटी से माटी कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति वर्ष दिया जाता है। फाउंडेशन की ओर से यह पुरस्कार उनके प्रतिनिधि के तौर पर मुकुल त्रिपाठी ने छात्रों को प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन राजीव तिवारी (इंजीनियर, संसद भवन) ने किया। समारोह में प्रदीप श्रीवास्तव (अध्यक्ष, फतेहपुर फोरम), राजकुमार मौर्य (चेयरमैन, फतेहपुर नगर), आबिद हुसैन (चेयरमैन, जहानाबाद), अखिलेश कुमार (गृहमंत्रालय), आशुतोष सिंह (भारतीय सेना), अखिलेश अवस्थी (नेवी ऑफिसर), प्रवीण पांडे (बुंदेलखंड राष्ट्र समिति), हंसराज सोनी, अरुण दुबे (गाजियाबाद), डॉ. राजेश त्रिवेदी (उत्कर्ष नर्सिंग होम, कानपुर), राजेंद्र साहू (अध्यक्ष, नेहरू युवा संगठन) जन्मेजय मिश्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

