नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर भ्रमण के दौरान  विभिन्न योजनाओं का किया स्थल निरीक्षण

पटना। बिहार में लड़कियों के उत्थान को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार सक्रिय हैं। दहेज प्रथा और बाल विवाह पर गहरी चोट करने के साथ साथ राज्य में लड़कियों की शिक्षा को लेकर भी उन्होंने जेहाद छेड़ रखा है। और अब इसका असर भी दिखने लगा है। साइकिल और पोशाक योजना से स्कूली शिक्षा हासिल करने लड़कियां ऊंची और तकनीकी शिक्षा पाने के लिए पूरी दृढ़ता से आगे कदम बढ़ा रही हैं। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उनकी जरुरतों को समझते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरने के लिए उन्हें हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। बख्तियारपुर में विकास संबंधी विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करने दौरान एक बार फिर लड़कियों की शिक्षा के प्रति उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में इंजीनियरिंग संस्थानों में लड़कियों के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित की गई है। हमलोग चाहते हैं कि लड़कियां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे आयें, खूब पढ़ें। इस दौरान उनके साथ जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा भी मौजूद थे।

इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को खासतौर से निर्देश देते हुए कहा कि यहां के बालिका छात्रावासों में बेडों की संख्या और बढ़ायें। एक तिहाई सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित होने के कारण यहां पढ़ने वाली लड़कियों की संख्या और बढ़ेगी।

सीएम नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माणाधीन कार्य का जायजा  भी लिया।

उन्होंने कहा कि हमारा यहीं जन्म हुआ है, हमारी इच्छा थी कि बख्तियारपुर में एक इंजीनियरिंग कॉलेज बने। इंजीनियरिंग कॉलेज अब यहां संचालित हो रहा है, इसे देखकर काफी खुशी मिलती है। मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बख्तियारपुर के परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने गंगा नदी की पुरानी धारा को बख्तियारपुर के किनारे तक वापस लाने हेतु गंगा के सोता के पुनर्रुद्धार कार्य के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने दियारा क्षेत्र एवं विभिन्न घाटों का जमीनी मुआयना किया। इस दौरान घोसवारी घाट, रवाइच ठाकुरबाड़ी घाट, सीढ़ी घाट, राम नगर दियारा, राम नगर दियारा पुल का भ्रमण किया और पुनर्रुद्धार कार्य को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्दश दिये। मुख्यमंत्री ने सीढ़ी घाट ठाकुरबाड़ी के पास पहुंचकर वहां के पुराने कुएं का जीर्णोद्धार करने का निर्देश दिया। अपने पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यह कुंआ मीठे जल का इकलौता कुंआ था, जहां से सभी लोग पीने के लिए पानी लेकर जाते थे। उन्होंने कहा कि सीढ़ी घाट के पास ही हमलोग बचपन में स्नान करने आते थे। मुझे अपने जन्मस्थान पर आकर अच्छा लग रहा है और पुरानी बातें याद आ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय बख्तियारपुर के पुराने भवन की जगह नये भवन के निर्माण कार्य को लेकर स्थल निरीक्षण कर जानकारी ली और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरु करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रखंड परिसर के बगल में नये पशु अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शुरु करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुराने पशु अस्पताल परिसर का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित शहीद मोगल सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल के नये भवन का निरीक्षण किया। साथ ही मंजू सिन्हा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन का भी निरीक्षण किया। नीतीश कुमार ने श्री गणेश आदर्श संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। वहां शॉल, पुस्तक और कलम भेंटकर उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने शीलभद्र याजी स्मृति भवन जाकर स्वतंत्रता सेनानी स्व. शीलभद्र याजी जी एवं उनकी पत्नी स्व. बालकेश्वरी याजी जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने वहां स्थापित स्व. शीलभद्र याजी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर का निरीक्षण किया और परिसर में स्थापित स्व. शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री ने शहीद नाथुन सिंह यादव पार्क जाकर स्वतंत्रता सेनानी नाथुन सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इस पार्क को और विकसित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने श्री गणेश उच्च विद्यालय बख्तियारपुर के नये भवन का निर्माण कार्य तेजी से शुरु करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्री गणेश उच्च विद्यालय बख्तियारपुर परिसर में स्वतंत्रता सेनानी स्व. डूमर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर के डाकबंगला परिसर के गृह वाटिका में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी स्व. कविराज रामलखन सिंह की आदमकद प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर के डाकबंगला भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर बख्तियारपुर प्रखंड के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। पटना के जिलाधिकारी श्री चंद्रशेखर सिंह ने विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कई योजनाओं का हमने स्थल पर जाकर निरीक्षण किया है और अद्यतन स्थिति की जानकारी ली है। सभी योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करें।

भ्रमण एवं समीक्षा के दौरान बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव नर्मदेश्वर लाल, कृषि विभाग के सचिव एन. सरवन कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक संजीव कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here