अनोखी – द जर्नी ऑफ ए वूमन” एक नारी के त्याग और संघर्ष की अद्भुत कहानी है: निर्माता बी.बी.के. सिन्हा

0
3

टाटा मोटर्स से सेवानिवृत्त एक उच्चाधिकारी बी.बी.के. सिन्हा सचमुच एक अनोखी कहानी लेकर आ रहे हैं जिसकी चर्चा लम्बे अर्से तक होती रहेगी। समाज में गिरते पारिवारिक मूल्यों, आत्मीय संबधों को लेकर चिन्ता व्यक्त करती एक मार्मिक कहानी “अनोखी- द जर्नी ऑफ ए वूमन” लेकर आ रहे हैं निर्माता बी.बी.के. सिन्हा। फिल्म आगामी 23 दिसम्बर, 2022 को रिलीज होगी। प्रोड्यूसर सिन्हा युवावस्था से ही कलात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। अंगुलीमाल, वैदेही का वियोग, पथिक, प्यासा मिलन सरीखे नाटकों का मंचन किया। प्रेमचंद के “गोदान” का एकांकी नाट्य रूपांतरण किया, टाटा नगर जमशेदपुर में मंचन व निर्देशन किया। “गोदान” का सम्पूर्णतः मंचन पहली बार बी.बी.के. सिन्हा ने ही टैगोर सोसाइटी हॉल में कराया था। बी.बी.के. सिन्हा एक सुलझे हुए लेखक भी हैं। नारी प्रताड़ना को लेकर सिन्हा का लेखकीय दृष्टिकोण अत्यंत सजग और प्रगतिशील है। यह सब उनकी हिन्दी फिल्म “अनोखी” में देखी जा सकेगी। निर्माता बी.बी.के. सिन्हा से हुई बातचीत के सम्पादित अंश :

★ फिल्म का शीर्षक “अनोखी” रखने का क्या अर्थ ? क्या है इसमें अनोखा ?
■ दोनों प्रश्नों के उत्तर आपको फिल्म देखने पर ही मिलेंगे।
★ कहानी का स्वरूप और प्रवाह कैसा है ?
■ यह नारी प्रधान एक पारिवारिक फिल्म है, यह इसका स्वरूप है। एक विवाहिता के संघर्षमय जीवन का रेखांकन है, यह प्रवाह है।
★ थोड़ा और स्पष्ट करें ?
■ एक युवती किसी की दूसरी पत्नी बनती है। पति अपनी दिवंगत पत्नी को भूल नहीं पाता। सौतेला बेटा उसे माता का सम्मान नहीं देता। इसके उलट यह स्त्री पति और सौतेले बेटे के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तत्पर रहती है। आगे फिल्म में देखें।
★ कॉन्सेप्ट कहानी आपकी है। पर, पटकथा संवाद ?
■ पटकथा संवाद जीतेन्द्र सुमन ने लिखा है। नवाब आरज़ू, फरीद साबरी और कुक्कू प्रभाष ने गीत लिखा है। अमन श्लोक का कर्णप्रिय संगीत है। कैमरामैन शानू सिन्हा, कोरियोग्राफर पप्पू खन्ना हैं। “अनोखी” की को प्रोड्यूसर रेणु सिन्हा हैं।
★ अब कास्टिंग पर आते हैं। राहुल रॉय को ही आपने क्यों लिया ?
■ राहुल रॉय का आज भी एक दर्शक वर्ग है। उनकी “आशिकी” को आज भी लोग स्मरण करते हैं। इसमें रोमांटिक क्षण भी हैं, इसलिए वह सही चयन हैं। वह मैच्योर हैं, इसलिए भी सही हैं।
★ और कौन कौन मुख्य कलाकार हैं ?
■ राहुल रॉय की पहली पत्नी कशिश दुग्गल और दूसरी कल्पना शाह हैं। साथ में ज़रीना वहाब, राजू खेर, पुष्पा वर्मा, किशू राहुल, अमायरा भारद्वाज आदि हैं।
★ आपने नाटकों का मंचन निर्देशन किया था। फिर फिल्म का निर्देशन संजय कुमार सिन्हा को क्यों सौंप दिया ?
■ आपका प्रश्न सही है। लेकिन, एक लेखक और निर्माता के रूप में मैं पूरा ध्यान देना चाहता था। इसके साथ ही मुझे मुंबई फिल्मोद्योग में काम करने का तकनीकी अनुभव नहीं था। संजय कुमार सिन्हा ने भोजपुरी सिनेमा का निर्देशन किया था। उनका काम मुझे अच्छा लगा। वह एक सुलझे हुए निर्देशक हैं। फिर मैंने संजय को हिन्दी फिल्म डायरेक्ट करने के लिए फाइनल कर दिया। उन्होंने एक बेहतर फिल्म बनाई है।
★ “अनोखी” प्रदर्शित कब होगी ?
■ ‘अनोखी’ आगामी 23 दिसम्बर, ’22 को बिहार, झारखंड और मुंबई के लगभग तीन दर्जन सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दूसरे फेज में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और दिल्ली के पचास थियेटरों में प्रदर्शित की जायेगी। अंत में सौ से अधिक सिनेमाहॉल में इसे रिलीज करेंगे.
★ फिल्म निर्माण का क्रम आगे चलता रहेगा ?
■ बिल्कुल। आज भी स्त्रियों की सामाजिक स्थिति बहुत नहीं सुधरी है। आये दिन हो रहे नारी हत्याकांड इसके गवाह हैं। मेरी अगली फिल्म में भी कुछ ऐसे ही ज्वलंत मुद्दों को उठाया जायेगा। उसका शीर्षक भी मैंने तय कर लिया है – “नारी तेरी यही कहानी”। इसके आगे के लिए भी एक प्रोजेक्ट है – “ऐसा क्यों?”।
★ आगे निर्देशन की योजना है ?
■ हाँ है। मगर, सारे पत्ते “अनोखी” के प्रदर्शन के बाद ही खोलूंगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here