
कारगिल के अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि, देशभक्ति के सुरों से गूंजा इंदिरा गांधी कला केंद्र
राजू बोहरा / विशेष संवाददाता
नोएडा: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र में कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति और भारतीय सेना के सम्मान में देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के प्रबुद्धजन, सैन्य अधिकारी, पत्रकार, साहित्यकार, रंगकर्मी एवं समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों मेजर जनरल डॉ. जी.के. थपलियाल, वीर चक्र से सम्मानित कर्नल अशोक कुमार तारा, शहीद मेजर अनुराग नौरियाल (कीर्ति चक्र) की धर्मपत्नी श्रीमती ऊमा नौरियाल, ब्रिगेडियर महेश्वर नाथ कौशिक तथा कर्नल वी.एन. थापर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
उत्तराखंड की सुप्रसिद्ध लोकगायिका कल्पना चौहान, रोहित चौहान, भगवत मनराल ग्रुप, रेखा चौहान सहित अन्य कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों से पूरे सभागार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर शहीद कैप्टन विजयंत थापर के पिता कर्नल वी.एन. थापर ने युवाओं से अपने पुत्र की अंतिम चिट्ठी पढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रप्रेम, कर्तव्य और बलिदान की भावना को जीवन में अपनाना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। समारोह में राष्ट्र सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अनेक सैनिकों एवं अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र चौहान एवं अजय सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था एवं सार्वभौमिक सोशल कल्चरल एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।





