
मुंगेर में जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में लिप्त लोगों के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज करें: प्रभारी सचिव
लालमोहन महाराज,मुंगेर
वर्तमान में पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न स्थिति के परिपेक्ष्य में आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की उपलब्धता, प्रवासी श्रमिकों के हितों की सुरक्षा एवं अन्य संबंधित विषयों की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक बुधवार को समाहरणालय संवाद कक्ष में प्रभारी सचिव हिमांशु शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में उक्त विषयों से उत्पन्न स्थिति पर बिंदुवार चर्चा हुई। इसके पूर्व अपर समाहर्ता मनोज कुमार द्वारा प्रभारी सचिव को पौध पात्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर एडीएम आपदा संजय कुमार सिन्हा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी हवेली खड़गपुर राजीव रंजन, प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी मो.वसीम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी सचिव ने कहा कि वर्तमान में पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार अभी से ही बहुत सारे एहितयातन तैयारी शुरू कर दी है, ताकि इस बीच होने वाले क्राइसिस मैनेजमेंट की स्थिति में ससमय
सफलता पूर्वक निपटा जा सके। इसके लिए यह जरूरी है कि जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी सहित खाद्य सामग्रियों की उपलब्धता, उसके दामों में उछाल अथवा उसकी जमाखोरी, खाद बीज आदि की कालाबाजारी सहित अन्य चीजों पर नियमित रूप से ध्यान देना है तथा यदि कोई व्यवसायी अथवा व्यक्ति इस तरह के जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में लिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिले में लोगों को रसोई गैस की उपलब्धता सुगमता के साथ हो, इसके लिए गैस एजेंसी मालिकों से लागातार बैठक करें अथवा समन्वय स्थापित करें, ताकि लोगों में गैस अथवा अन्य कोई भ्रांतियां पैदा न होने पाए। इसके साथ ही पेट्रोलियम पदार्थांे, खाद्य सामग्रियों, यूरिया, खाद बीज आदि की भी कालाबाजारी पर रोकथाम के लिए हमेशा ध्यान रखें। साथ ही किसी भी वस्तु के दामों को नाजायज तरीके से न बढ़ाया जाए, इसकी भी जांच करें। बीच बीच में वैसे रेस्टोरेंट अथवा होटल मालिकों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान भी चलाएं जो अपने प्रतिष्ठानों में डोमेस्टिक गैस की जगह रसोई गैस का उपयोग करें। उन्हें चेतावनी दें और फिर भी न मानें तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएं। कुछ दिनों बाद शादी विवाह और लगन भी प्रारंभ होने वाले हैं, ऐसी स्थिति में लोगों में गैस की किल्लत अथवा अन्य भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए भी जागरूकता चलाएं।
उन्होंने कहा कि उक्त परिपेक्ष्य को देखते हुए सर्तकर्ता अत्यंत ही आवश्यक है। अभी से ही यदि इन स्थितियों पर जिला प्रशासन सजग और सर्तक रह कर काम करेगी तो आने वाले समय में यदि युद्ध विराम नहीं होता है तो उस वक्त उत्पन्न स्थिति पर आसानी से काबू पाया जा सकेगा। प्रवासी लोगों के वापसी पर भी उन्होंने ध्यान देने और उससे संबंधित प्रतिवेदन बनाने के निदेश दिए। उन्होंने कहा कि रसोई गैस हो या पेट्रोलियम पदार्थ अथवा अन्य खाद्यग सामग्री आदि किसी भी वस्तुओं का व्यवसायी एवं आमजन जमाखोरी अथवा कालाबाजारी न करें। ऐसे व्यक्ति पर विशेष ध्यान दें तथा चिन्हित व्यक्तियों को चेतावनी देें अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई अवश्य करें। विधि व्यवस्था संधारण में किसी भी प्रकार की कोई चूक न हो तथा सख्ती से हर आदेश का अनुपालन कराएं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में गैस पाइप लाइन की व्यवस्था हो गई है, उन क्षेत्रों में संबंधित एजेंसी के अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्रताशीघ्र वहां के घरों में पीएनजी कनेक्शन दिलाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में जिले में लोगों में किसी भी वस्तु के लिए भ्रांतियां अथवा भ्रामक स्थिति उत्पन्न न होने पाए।

